रिजवान खान | मेरठ4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ में चलती कार में हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य फरार युवकों की तलाश कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने दावा किया कि सभी आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह मामला तब सामने आया जब गुरुवार को सोशल मीडिया पर लगभग 16 सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में तेज रफ्तार कार के भीतर बैठे पांच युवक खुलेआम पिस्टल, चाकू और अन्य धारदार हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो के वायरल होते ही लोगों में भय फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिख रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक पुलिस इंस्पेक्टर का बेटा है। उसकी तलाशी में एक चाकू भी बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
अब पुलिस का ध्यान वीडियो में मौजूद अन्य युवकों की गिरफ्तारी पर है। पुलिस टीमों ने उनकी पहचान कर ली है, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही सभी आरोपी अपने घरों से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि के लिए वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की भी पहचान हो गई है और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
