नवरात्रि तक खोराबार के आवंटियों को मिलेगा कब्जा:भूखंड व फ्लैटों की करा सकेंगी रजिस्ट्री; GDA उपाध्यक्ष ने काम जल्द पूरा करने को कहा


गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से विकसित किए जा रहे खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना में फ्लैटों एवं भूखंडों का कब्जा नवरात्रि तक मिल जाएगा। शुक्रवार को GDA उपाध्यक्ष ने इस योजना का औचक निरीक्षण किया और जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, सीवर, बिजली आपूर्ति सहित सभी इंफ्रास्ट्रक्चर के काम समय से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि कब्जा देने में विलंब नहीं होना चाहिए क्योंकि नवरात्रि के शुभ समय में अधिकतर लोग अपने घरों में प्रवेश करना चाहेंगे।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि रेरा से जुड़ी जो भी औपचारिकताएं बाकी रह गई हैं, उसे भी समय रहते पूरा कर लिया जाए। खोराबार टाउनशिप में लगभग 2000 फ्लैट और 312 आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। मेडिसिटी योजना में क्लीनिक लेन में 46 बड़े भूखंड विकसित किए गए हैं। यहां अस्पताल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर तथा स्वास्थ्य से जुड़े अन्य संस्थान बनाएजा सकेंगे। परियोजना के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, मिनी एमआईजी एवं एमआईजी भवनों का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है। मिनी एमआईजी श्रेणी के तहत दो ब्लाकों में 420 आवास बनाए जा रहे हैं। एक ब्लाक का निर्माण पूरा हो चुका है। दूसरे में अंतिम फिनिशिंग का काम चल रहा है। एलआईजी श्रेणी के 480 फ्लैटों में एक ब्लाक पूरी तरह तैयार है। दूसरे में निर्माण व फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के सात ब्लाकों में से पांच अगले माह तक तैयार हो जाएंगे, जहां लगभग 400 आवासों का कब्जा देने की तैयारी है। एमआइजी श्रेणी के 10 ब्लाकों में निर्माण कार्य प्रगति पर है और 560 फ्लैट अगस्त-सितंबर तक तैयार होने की संभावना है। हाल ही में जीडीए ने टाउनशिप तक पहुंचने वाले 18 मीटर चौड़े मुख्य मार्ग से अतिक्रमण भी हटाया है, जिससे परियोजना तक आवागमन सुगम हो सके।
निरीक्षण के दौरान विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, संजय सिंह, सहायक अभियंता एके तायल, आज्ञाराम वर्मा आदि उपस्थित रहे। GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि तय समय से काम पूरा कर नवरात्रि तक आवासों का कब्जा आवंटियों को दे दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी कार्यों को समय से पूरा करने को कहा गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *