Janmashtami 2026 Sultanpur Market | Laddu Gopal Poshak Price Update

सुल्तानपुर16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सुल्तानपुर में जन्माष्टमी पर्व को लेकर बाजार सजकर तैयार हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में लड्डू गोपाल की पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख और श्रृंगार के सामान की दुकानें सज गई हैं। दुकानों पर खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं, हालांकि रक्षाबंधन के तुरंत बाद जन्माष्टमी होने के कारण अभी बाजार में अपेक्षाकृत कम भीड़ है।

दुकानदारों को उम्मीद है कि जन्माष्टमी नजदीक आने के साथ अगले एक-दो दिनों में खरीदारी में तेजी आएगी। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में जन्माष्टमी से जुड़े सामान की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हुई है। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार लड्डू गोपाल के कपड़े और पूजा-श्रृंगार का सामान खरीद रहे हैं।

लड्डू गोपाल की पोशाक 10 से 1000 रुपए तक

बाजार में लड्डू गोपाल की पोशाकें 10 से 1000 रुपए तक की रेंज में उपलब्ध हैं। श्रृंगार का सामान 5 से 500 रुपए, झूले 120 से 3000 रुपए और सिंहासन 50 से 1000 रुपए तक में मिल रहे हैं। इसके अलावा माला 5 से 1000 रुपए और पगड़ी 5 से 400 रुपए तक की कीमत में उपलब्ध है।

राधा-कृष्ण की पोशाकें 100 से 500 रुपए तक बिक रही हैं। दुकानों पर मोरपंख, मटकी, बांसुरी और अन्य सजावटी सामान भी उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने अलग-अलग बजट के ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए कई तरह के विकल्प सजाए हैं।

रक्षाबंधन के बाद अभी कम पहुंच रहे ग्राहक

मुरारी दास गली स्थित मुरारी दास एंड संस के मालिक ओजस अग्रवाल ने बताया कि जन्माष्टमी के सामान की खरीदारी के लिए अभी ग्राहकों की संख्या कम है। इसका प्रमुख कारण हाल ही में रक्षाबंधन का बाजार खत्म होना है। उन्होंने बताया कि पर्व नजदीक आने पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

ओजस अग्रवाल के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार जन्माष्टमी के सामान की कीमतों में मामूली वृद्धि हुई है। इसके बावजूद ग्राहकों में लड्डू गोपाल की पोशाक और श्रृंगार सामग्री को लेकर उत्साह बना हुआ है।

शहर में सजेंगी आकर्षक झांकियां

जन्माष्टमी पर शहर के चौक, शाहगंज चौराहा, गोलाघाट, करौंदिया और राहुल चौराहा समेत कई स्थानों पर आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। इन स्थानों पर पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर की भव्य सजावट भी इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। जन्माष्टमी को लेकर बाजारों के साथ मंदिरों और झांकियों की तैयारियां भी अंतिम दौर में पहुंच रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *