![]()
अमेठी के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के दांदूपुर स्थित गोआश्रय केंद्र के पास रविवार शाम घायल मिले किसान राम दुलारे (60) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई। परिजनों ने उनकी हत्या का आरोप लगाया है। इन्हौना के बड़ानापुर गांव निवासी राम दुलारे को दो युवक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मौत की सूचना मिलते ही दोनों वहां से फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी।
मृतक के भाई राम बहादुर ने बताया कि राम दुलारे खेती-किसानी के साथ मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार करने और हड्डियां एकत्र करने का काम करते थे। रविवार को वह इसी काम से गोआश्रय केंद्र गए थे। परिजनों का आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दो लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। विवाद के बाद पीआरवी भी मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने यह भी बताया कि घटना के बाद गोआश्रय केंद्र का केयरटेकर भी नहीं मिला। शिवरतनगंज थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसान के बेहोश होकर गिरने की बात सामने आई है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि गौशाला से बाहर निकलते ही राम दुलारे अचानक गिर पड़े थे और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source link
गोआश्रय केंद्र के पास घायल किसान की मौत:अमेठी में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी