![]()
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव लूंगी खुर्द में श्मशान घाट के निकट वन विभाग द्वारा लगाया गया पिंजरा रविवार शाम सफल हो गया। करीब 15 दिनों से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद ग्रामीण दहशत के साये में जीवन बिता रहे थे। रविवार शाम तेंदुआ पिंजरे में कैद होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से तेंदुआ गांव और आसपास के खेतों में देखा जा रहा था। इसके चलते किसान शाम के समय खेतों में जाने से डर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे भी घरों से बाहर निकलने से घबराते थे। तेंदुए के भय के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। तेंदुए की सूचना मिलने पर वन विभाग ने करीब 15 दिन पहले लूंगी खुर्द के श्मशान घाट के निकट पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू कर दी थी। रविवार शाम तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन दरोगा पीयूष जोशी ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। तेंदुए के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का आभार जताया और कहा कि अब गांव में भय का माहौल समाप्त हो गया है।
Source link
मुरादाबाद में 15 दिन बाद पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ:दिन में युवती पर हमला 4करके घायल किया था;15 दिन से फैली थी दहशत