मुरादाबाद में महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा:परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप


मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टरों पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम जैतपुर निवासी 55 वर्षीय भगवती, जो स्वर्गीय पूरन सिंह की पत्नी थीं, को शनिवार देर शाम सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें सिरसा दोराहे के पास स्थित एमआई हॉस्पिटल ले गए। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर अली खान की सहमति से इलाज शुरू किया गया और उन्हें बताया गया कि महिला को हृदय संबंधी समस्या है। आज यानी रविवार शाम करीब छह बजे इलाज के दौरान भगवती का निधन हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही तथा गलत इलाज का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला का इलाज करने वाले डॉक्टर हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं थे। हंगामे की सूचना पर भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। मृतका के बेटों, रामकिशोर, नौबत राम और नंदराम ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की, ताकि मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं। उनके पति का निधन पहले ही हो चुका था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *