मनीष हत्याकांड में फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम:छह दिन बाद भी आशुतोष और चेतन फरार, फतेहपुर पुलिस दे रही दबिश


फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में मनीष दुबे हत्याकांड के छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घटना में इस्तेमाल रिवॉल्वर अभी तक बरामद नहीं हुई है। मुख्य आरोपी भी फरार हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फरार आरोपी आशुतोष तिवारी और उनके मामा चेतन सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जानकारी के अनुसार, असनी गांव के मनीष दुबे की पिछले शनिवार रात उनके बेटे वैभव के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को आलमपुर नरही गांव के शराब दुकान संचालक सगे भाइयों अमन सिंह और आशुतोष तिवारी ने अंजाम दिया था। दोनों ने अपनी मां संगीता सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। घटना के बाद पुलिस ने जल्दी कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सिंह और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मुख्य आरोपी आशुतोष तिवारी फरार हो गया। जांच के दौरान आरोपियों को पनाह देने वाले उनके मामा चेतन सिंह का नाम भी सामने आया। चेतन सिंह रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र के घोसियाना गांव के रहने वाले हैं। पुलिस की कई टीमें आशुतोष और चेतन की तलाश में लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के छह दिन बाद भी पुलिस हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद नहीं कर पाई है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने साफ किया है कि आरोपियों के बारे में सही जानकारी देने या उन्हें पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 25-25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। उसकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *