![]()
चोटपुर कॉलोनी में बिजली संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। करीब एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित होने से हजारों परिवार परेशान हैं। सपा जिलाध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के साथ चोटपुर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। आश्रय गुप्ता ने कहा कि चोटपुर कॉलोनी में करीब 13 हजार अवैध बिजली कनेक्शन होने की बात सामने आई है। इन्हें काटने की कार्रवाई चल रही है। अब तक करीब 4 हजार कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में परिवार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ये कनेक्शन अवैध थे तो इतने सालों तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इसका खामियाजा आम लोगों को नहीं भुगतना चाहिए।
बच्चो की पढ़ाई प्रभावित
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। महिलाएं, बुजुर्ग और दूसरे परिवार के सदस्य भी परेशान हैं। उन्होंने भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर जनता की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन
स्थानीय लोगों ने पहले भी अपनी समस्या को लेकर विधायक कार्यालय का घेराव किया था। कैंडल मार्च भी निकाला था। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को अपने हाथ में लेते हुए लोगों के साथ आंदोलन में खड़े होने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सपा चोटपुर के लोगों को अकेला नहीं छोड़ेगी। प्रशासन को तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए और पात्र लोगों को नियमानुसार कनेक्शन उपलब्ध कराने चाहिए।
जिलाधिकारी कार्यालय का करेंगे घिराव
आश्रय गुप्ता ने चेतावनी दी कि जन्माष्टमी के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो सपा स्थानीय लोगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज दबाई नहीं जाएगी। बिजली संकट का समाधान होने तक समाजवादी पार्टी लोगों के साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान सपा नेताओं ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का भरोसा दिया।
Source link
नोएडा के चोटपुर में बिजली संकट पर सियासत तेज:4 हजार कनेक्शन कटे, अब सपा ने संभाला मोर्चा, सपा जिलाध्यक्ष बोले ," स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने की अनदेखी"