सुल्तानपुर में डम्पर ने बाइक सवार बिजली कर्मी को रौंदा:एम्बुलेंस पहुंचने में हुई देरी; ड्यूटी के बाद प्रतापगढ़ से अयोध्या लौट रहा था


सुल्तानपुर के हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर एक सड़क हादसे में बिजली विभाग के संविदा कर्मी की जान चली गई। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावा बाजार के आगे पुलिया के पास हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र के पाठक का पुरवा मजरे निमड़ी निवासी रमाशंकर (35) पुत्र माता प्रसाद के तौर पर हुई है। वह प्रतापगढ़ के मांधाता फीडर पर बिजली विभाग में संविदा कर्मी था। शनिवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर अयोध्या लौट रहा था। रमाशंकर जब बल्दीराय थाना क्षेत्र के बहुरावा बाजार के आगे पुलिया के पास पहुंचा था, तभी एक तेज रफ्तार डम्पर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रमाशंकर सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें लगीं। मौके पर मौजूद भाजपा नेत्री बबिता तिवारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, जब एम्बुलेंस को खबर दी गई थी, तब घायल की सांसें चल रही थीं। हालांकि, करीब 45 मिनट बाद एम्बुलेंस पहुंची और तब तक रमाशंकर की मौत हो चुकी थी। पुलिस शव को सीएचसी लेकर आई थी और परिजनों को सूचना दी। एसओ महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया है कि परिवार वालों से शिकायत लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रमाशंकर अपने पीछे पत्नी उमा और दस साल की बेटी आराध्या को छोड़ गए हैं। उनका एक भाई दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। मृतक के चाचा ओम प्रकाश ने बताया कि उनके भाई ने 25 साल अयोध्या में रिक्शा चलाकर रमाशंकर को पढ़ाया-लिखाया था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *