- Hindi News
- Sports
- India Enters Junior Womens Hockey Asia Cup Final | Supriya Hattrick
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चीन में खेले जा रहे AHF जूनियर विमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने साउथ कोरिया को 5-1 से हराया। इस जीत के साथ भारतीय जूनियर विमेंस हॉकी टीम फाइनल में पहुंच गई। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया ने हैट्रिक लगाई।
सुप्रिया ने अपने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए। भारत का सामना अब चीन और जापान के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

सुप्रिया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
13वें मिनट में भारत ने पहला गोल किया
भारत और साउथ कोरिया ने मुकाबले की शुरुआत संभलकर की। भारत ने 13वें मिनट में पहला गोल किया।
मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारत ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले किए।
भारत को 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला। सुप्रिया ने इस मौके को गोल में बदलकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
भारत ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। 21वें मिनट में भारतीय विंगर ने कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आई गेंद को लपका।
उन्होंने सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया। सुखवीर ने इसे गोल में बदलकर भारत का स्कोर 3-0 कर दिया।
भारत को 33वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। सुप्रिया ने इसे गोल में बदलकर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
साउथ कोरिया का एकमात्र गोल
साउथ कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। इससे स्कोर 4-1 हो गया।
यह दक्षिण कोरिया का एकमात्र गोल रहा। आखिरी क्वार्टर में भारत ने बेहतरीन डिफेंस किया और कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया।
भारत के लिए पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने किया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की।
सेमीफाइनल से पहले भारत का प्रदर्शन
भारत ने अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले मेजबान चीन के खिलाफ भारतीय टीम ने गोलरहित ड्रॉ खेला था।
भारत ने जापान को 7-0 और मलेशिया को 11-1 से हराया था। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने साउथ कोरिया को 4-1 से मात दी थी।
