यूपी एटीएस की आजमगढ़ में छापेमारी:आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़ा हुआ आरोपी गिरफ्तार


यूपी एटीएस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से जुड़े एक 19 वर्षीय युवक को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी चितारा महमूदपुर, दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। एटीएस के मुताबिक, नबील सामाजिक माध्यमों पर समूह बनाकर युवाओं को जोड़ रहा था और उन्हें आतंकी विचारधारा से प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। एटीएस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल की जांच में AQIS की विचारधारा के प्रचार-प्रसार और अरबी नाम वाले एक वाट्सऐप समूह की जानकारी मिली है। समूह में जुड़े सदस्यों को ‘मुजाहिद’ कहकर संबोधित किया जाता था। जिहाद, चाकू, केमिकल और योजना जैसी बातों के लिए अलग-अलग कूट शब्दों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। विदेशी लोगों वाले समूहों में भी जुड़ा था एटीएस के अनुसार, नबील ‘Flames of War’ समेत कई अन्य वाट्सऐप समूहों से भी जुड़ा था। इन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत दूसरे देशों के लोग भी जुड़े बताए गए हैं। एटीएस का कहना है कि इन समूहों में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा की विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि नबील कथित तौर पर युवाओं को अपने साथ जोड़कर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने और इसके लिए धन जुटाने की योजना बना रहा था। आतंकी साहित्य साझा करने का आरोप एटीएस के मुताबिक, नबील ने वाट्सऐप समूह में अल कायदा से जुड़े आतंकी अनवर उल अवलाकी की किताब ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ साझा की थी। इसके अलावा AQIS के पूर्व प्रमुख मौलाना आसिम उमर से जुड़ी किताब ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ भी समूह में साझा किए जाने की बात सामने आई है। एटीएस के अनुसार, समूह के सदस्यों को इन सामग्री को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। विदेश जाकर प्रशिक्षण की योजना का भी दावा एटीएस ने बताया कि आरोपी और उसके साथियों के बीच पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने की योजना से जुड़ी बातचीत भी मिली है। जांच एजेंसी के मुताबिक, बम बनाने से संबंधित सामग्री और वीडियो के साथ पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने को लेकर भी बातचीत हुई थी। एटीएस का दावा है कि आरोपी अपने साथियों के साथ पाकिस्तान के सहयोग से भारत में ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना को लेकर भी बातचीत कर रहा था। देश विरोधी गतिविधियों की सूचना के बाद शुरू हुई जांच एटीएस को सूचना मिली थी कि मोहम्मद नबील सामाजिक माध्यमों के अलग-अलग मंचों पर अन्य लोगों के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों की साजिश कर रहा है। सूचना के सत्यापन के दौरान एटीएस को AQIS की विचारधारा के प्रचार और युवाओं को अपने साथ जोड़ने से संबंधित तथ्य मिले। इसके बाद एटीएस थाना लखनऊ में मुकदमा संख्या 14/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 61(2) और विधि विरुद्ध क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम की धारा 18 व 38 के तहत मामला दर्ज किया गया। एटीएस ने शनिवार 12 सितंबर 2026 को आजमगढ़ में कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मोहम्मद नबील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *