मंत्री सुनील शर्मा ने किया कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ:श्रद्धालुओं को 11 अगस्त तक मिलेगी सेवा, स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं भी दीं


गाजियाबाद में चौहान परिवार कांवड़ सेवा समिति की ओर से 36वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शनिवार को शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री- साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और कांवड़ यात्रियों की सेवा में जुटे लोगों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई लोग और समाजसेवी मौजूद रहे। स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं भी दीं सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है। उन्होंने चौहान परिवार की पिछले 36 वर्षों से लगातार निस्वार्थ सेवा की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। मंत्री ने शिविर से जुड़े सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं भी दीं। समिति की संस्थापक निर्मला चौहान ने बताया कि इस सेवा शिविर की शुरुआत वर्ष 1990 में उनके पति स्वर्गीय रमेश चंद चौहान ने शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से की थी। उनके निधन के बाद भी पूरा चौहान परिवार उसी सेवा भावना के साथ इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री इस शिविर में रुकते हैं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाते हैं। स्वयंसेवकों की टीम लगातार तैनात रहेगी समिति के अध्यक्ष मनोज चौहान ने जानकारी दी कि शिविर का आयोजन 1 अगस्त से 11 अगस्त तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित नहर की पटरी, फ्लाईओवर के नीचे, खोड़ा-मकनपुर में किया जा रहा है। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए प्रतिदिन विशेष नाश्ता, दिन में तीन समय ताजा भोजन, शुद्ध पेयजल, शरबत, मौसमी फल, प्राथमिक चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्वयंसेवकों की टीम लगातार तैनात रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *