बदायूं में ग्रामीणों ने पकड़ा चोर:पुलिस ने अफसरों को बताया अपना गुडवर्क


बदायूं में ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि फैजगंज बेहटा पुलिस ने इस गिरफ्तारी का श्रेय खुद ले लिया। पुलिस ने अफसरों को भेजी रिपोर्ट में इसे अपना ‘गुडवर्क’ बताया है। अब एक वायरल वीडियो ने पुलिस की इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फैजगंज बेहटा पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी सूचना में बताया कि सैंडोला गांव में देवराज के खेत से मुरादाबाद निवासी सलीम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दावा किया कि उसके पास से 10 क्विंटल बिजली का तार, एक मैजिक वाहन और एक मोबाइल बरामद हुआ है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कपिल कुमार, एसआई मुनाजिर, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार व परशुराम के नाम शामिल थे। यह भी लिखा गया कि एसएसपी के निर्देशन में एसपी देहात के पर्यवेक्षण में और सीओ बिसौली के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई है। हालांकि, एक वायरल वीडियो में कहानी कुछ और ही दिख रही है। वीडियो में आरोपी एक वाहन में बैठा है और उसके पास एक सिपाही मौजूद है। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कहता सुनाई देता है कि गांव में चोर पकड़ा गया है और उसे दीवान जी ले जा रहे हैं। इससे साफ है कि आरोपी को पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। अगर वीडियो में दिख रहा घटनाक्रम सही है, तो पुलिस के आधिकारिक ‘गुडवर्क’ और मौके की असल कहानी में बड़ा अंतर नजर आता है। यह पुलिस की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। इस मामले में चोरी के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अपनी जगह है। लेकिन, पुलिस की बताई गई गिरफ्तारी और वायरल वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा दिए हैं। वीडियो की सच्चाई और पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल, ग्रामीणों की पकड़ को पुलिसिया ‘गुडवर्क’ में बदलने का दावा फैजगंज बेहटा पुलिस के लिए ही एक सवाल बन गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *