Punjab Chandigarh top news; Local Body election Result, CM Mann| scam luxury cars

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर निकाय चुनाव के नतीजों से जुड़ी रही। इसमें AAP का दबदबा रहा, जबकि भाजपा सबसे पीछे रही। कांग्रेस के पूर्व मंत्री का बेटा हार गया वहीं AAP विधायक का बेटा जीत गया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पंजाब निकाय चुनाव में AAP का दबदबा, कांग्रेस पूर्व मंत्री का बेटा हारा, MLA का बेटा जीता

पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) का दबदबा दिखा। शाम 4 बजे तक की गिनती में 1977 में से 759 वार्डों में AAP ने जीत दर्ज की है। जबकि कांग्रेस ने 315 वार्ड, BJP ने 95 वार्ड, SAD ने 201 वार्ड और अन्य ने 325 वार्ड में जीत दर्ज की।

हालांकि कांग्रेस ने कपूरथला नगर निगम में दबदबा दिखाते हुए बहुमत हासिल कर लिया है। बंगाल के बाद 2027 में पंजाब को जीतने की बारी की बात कहने वाली भाजपा सबसे पीछे है। कमबैक के दावे वाला अकाली दल भी चौथे नंबर पर है। 26 मई को निकाय चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी।

मोहाली नगर निगम चुनाव में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह के बेटे कुंवरदीप सिंह को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें 131 वोट से वार्ड नंबर-10 से चुनाव लड़ रहे कुंवरदीप सिंह को आजाद उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने हराया है। वहीं मोहाली से AAP विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह वार्ड नंबर-42 चुनाव जीत गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

2. निकाय चुनाव में CM मान के हलके में AAP की बड़ी जीत, वड़िंग को झटका

पंजाब निकाय चुनाव में दिग्गज नेताओं के गढ़ में मिले-जुले नतीजे देखने को मिले। सीएम भगवंत मान के हलके धूरी में AAP ने 21 में से 19 सीटें जीतकर विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया। वहीं AAP प्रधान अमन अरोड़ा के क्षेत्र सुनाम और लौंगोवाल में भी पार्टी को स्पष्ट बढ़त मिली। दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग अपने गिद्दड़बाहा गढ़ में पिछड़ गए, जहां AAP ने 19 में से 17 सीटें जीत लीं।

पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी ने चमकौर साहिब में कांग्रेस का दबदबा कायम रखा और 13 में से 11 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। कपूरथला में कांग्रेस MLA राणा गुरजीत सिंह ने भी ताकत दिखाई, जहां 50 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीत लीं। वहीं बटाला में AAP उपप्रधान शेरी कलसी के क्षेत्र में पार्टी बढ़त बनाए हुए है।

मोहाली में MLA कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना और AAP नेता सन्नी आहलूवालिया चुनाव जीत गए, जबकि कांग्रेस के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह के बेटे कुंवरदीप सिंह को हार का सामना करना पड़ा है। वार्ड नंबर-10 से आजाद उम्मीदवार परमजीत सिंह काहलों ने उन्हें 131 वोट से हराया है। उधर, सुल्तानपुर लोधी में निर्दलीय MLA राणा इंद्र प्रताप सिंह गुट ने 13 में से 7 सीटें जीतकर अपना प्रभाव बरकरार रखा। (पढ़ें पूरी खबर)

3. AAP ने 2027 का ट्रेलर दिखाया, 2021 में इससे बड़ी जीत वाली कांग्रेस विधानसभा हारी

पंजाब निकाय चुनाव में AAP ने 104 निकायों और 1977 वार्डों में बड़ी बढ़त लेकर विपक्ष को 2027 विधानसभा चुनाव का ट्रेलर दिखा दिया है। पार्टी 800 से ज्यादा वार्ड जीत चुकी है, जबकि कांग्रेस, अकाली दल और BJP की कुल जीत भी इसके आसपास नहीं पहुंच पाई। हालांकि AAP की यह जीत 2021 में सत्ता में रहते कांग्रेस की 1199 वार्डों वाली जीत जितनी बड़ी नहीं मानी जा रही। खास बात यह भी है कि कांग्रेस ने 2021 में निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन 2022 विधानसभा चुनाव में सिर्फ 18 सीटों पर सिमट गई थी।

पॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का मानना है कि निकाय चुनावों के नतीजों को सीधे 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। सीनियर जर्नलिस्ट प्रमोद बातिश के मुताबिक AAP के लिए यह जीत राहत जरूर है, लेकिन इससे पार्टी बेफिक्र नहीं हो सकती। वहीं पवनदीप शर्मा कहते हैं कि निकाय चुनावों में आमतौर पर सत्ताधारी पार्टी को फायदा मिलता है और इस बार भी लोकल मुद्दों व उम्मीदवारों के आधार पर वोटिंग हुई। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव में रोजगार, लॉ एंड ऑर्डर, ड्रग्स और एंटी इनकम्बेंसी जैसे बड़े मुद्दे हावी रहेंगे।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अभी भी मुख्य विपक्ष की भूमिका में दिख रही है, जबकि अकाली दल का प्रदर्शन कमजोर रहा। BJP को भी शहरी क्षेत्रों में उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिला। दूसरी तरफ AAP के लिए सबसे बड़ा पॉजिटिव संकेत यह रहा कि उसने छोटे शहरों और नगर कौंसिलों में भी अपना कैडर मजबूत किया है। गिद्दड़बाहा और धारीवाल जैसे विपक्षी गढ़ों में जीत ने साफ किया कि पार्टी ने जमीनी नेटवर्क तैयार कर लिया है। लोकसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद यह जीत AAP विधायकों और संगठन के लिए बूस्टर डोज मानी जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. घोटाले की रकम से खरीदी लग्जरी गाड़ियां, पुलिस ने जब्त कीं

चंडीगढ़ नगर निगम में 200 करोड़ के स्मार्ट सिटी घोटाले में नए खुलासे हुए हैं। घोटाला करने वाले आरोपियों ने इनसे लग्जरी गाड़ियां खरीदीं। जिनमें मर्सिडीज की जी-वैगन, रेंज रोवर और BYD सील शामिल हैं। इसका खुलासा तब हुआ, जब घोटाले की जांच के दौरान पता चला कि ये गाड़ियां भी करप्शन की रकम से ही खरीदी गई थी।

इसके बाद पुलिस ने इन गाड़ियों को कब्जे ले लिया है। यह तीनों गाड़ियां चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-17 स्थित इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) के थाने में खड़ी हैं। यह मामला जांच के लिए अब CBI को ट्रांसफर हो चुका है। हालांकि गाड़ियों को अभी थाने में ही रखा गया है। जिनका खुलासा अब हुआ है।

चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रमोशन सोसायटी (क्रेस्ट) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुखविंदर सिंह अबरोल को लग्जरी गाड़ियों का कुछ ज्यादा ही शौक था। अबरोल के कब्जे से मर्सिडीज-बेंज एएमजी जी-63 लग्जरी गाड़ी मिली। जिसकी कीमत 4.30 करोड़ रुपए है। इस मॉडल की मर्सिडीज ने पूरे देश में सिर्फ 30 ही कारें बनाई थी। इसके अलावा अबरोल के पास BYD सील इलेक्ट्रिक कार मिली, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए है। पुलिस को रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी कार भी मिली है। यह होटल कारोबारी विक्रम वाधवा की बताई जा रही है, जो इसी घोटाले के केस में जेल में बंद है।(पढ़ें पूरी खबर)

5. पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश-ओलावृष्टि का रेड अलर्ट, आंधी भी चलेगी

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 29 मई को बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया है। ओले भी गिर सकते हैं। साथ ही कुछ जगहों पर लू चलने की संभावना है। 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रह सकती है।

पिछले कल की तुलना में अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सभी जिलों में 1 डिग्री से लेकर 4 डिग्री तक तापमान गिरा। फरीदकोट में सबसे ज्यादा 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में तेज आंधी, बिजली गिरने के साथ ही ओले गिरने का अलर्ट है।

उधर, गर्मी की छुटि्टयों में हिमाचल प्रदेश जाने वाले टूरिस्टों के लिए अच्छी खबर है। यहां शुक्रवार दोपहर में मंडी में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। बीती रात सिरमौर में भी बारिश हुई। इसके अलावा शिमला, मनाली और कांगड़ा समेत राज्य के ज्यादातर भागों में आसमान में हल्के बादल छाए हुए है। पहाड़ों पर इससे मौसम सुहावना हो गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. एक्टर योगराज को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत, महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा मामला

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और एक्टर योगराज सिंह को महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में राहत मिल गई है। हाईकोर्ट से उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई है। हालांकि इससे पहले चंडीगढ़ जिला कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया, जिस पर शुक्रवार को सुनवाई हुई।

योगराज सिंह का यह मामला वेब सीरीज ‘लुक्खे’ के एक वायरल वीडियो क्लिप से जुड़ा है, जिसमें योगराज सिंह के किरदार द्वारा महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। 8 मई 2026 को रिलीज हुई वेब सीरीज की एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।

इसके बाद शिकायतकर्ता एडवोकेट उज्जवल भसीन ने आरोप लगाया कि वीडियो में महिलाओं के लिए बेहद अपमानजनक और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं योगराज की ओर से पेश वकील ने कोर्ट में दलील दी कि वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर, पंजाबी अभिनेता से जुड़े व्यक्ति हैं। उन्हें गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. जातिसूचक टिप्पणी मामले में घिरे मंत्री रवनीत बिट्टू, पंजाब एससी कमीशन ने SSP से मांगी रिपोर्ट

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। धूरी दौरे के दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल मामले में आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। संगरूर के SSP से 1 जून तक रिपोर्ट तलब कर जांच के आदेश दिए गए हैं।

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि यह मामला सोशल मीडिया के जरिए उनके संज्ञान में आया। वीडियो में दावा किया गया है कि रवनीत सिंह बिट्टू ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

यह विवाद रवनीत सिंह बिट्टू के धूरी दौरे से जुड़ा है। दो दिन पहले नगर निगम चुनाव के माहौल में बिट्टू की वहां ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि इस गहमा-गहमी के बीच उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के खिलाफ अमर्यादित व जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. चाकू अड़ाकर युवती को लूटा, VIDEO सामने आया

लुधियाना में बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक युवती से लूट की। दो बदमाशों ने उसे घेर लिया, इसके बाद बाइक से उतरकर एक बदमाश ने उसे धक्का देकर दीवार से सटा दिया, इसके बाद आरोपी ने चाकू अड़ाकर उससे बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

जिस घर के CCTV कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई, वहां रहने वाली महिला ने बताया कि उसे नींद की समस्या है। घटना वाली रात वह जाग रही थी। इसी दौरान उसने एक लड़की की चीखने की आवाज सुनी। बाद में उसके पति ने CCTV चेक किया तो पता चला कि बाइक सवार बदमाशों ने सुनसान गली में युवती को लूट लिया।

महिला ने कहा कि उनके घर के पास कई ऑटो खड़े रहते हैं, जहां नशेड़ी बैठकर नशा करते हैं। इलाके का हाईवे से सीधा संपर्क होने के कारण बदमाश वारदात के बाद आसानी से फरार हो जाते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। मामले में थाना डिवीजन नंबर 7 के SHO गगनदीप ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

9. मां की बहादुरी से बच्ची का किडनैपर पकड़ा, थप्पड़ जड़ते ही जमीन पर गिरा

जालंधर में एक मां का थप्पड़ किडनैपर पर ऐसा पड़ा कि 3 साल की बच्ची अपहरण होने से बच गई। नशे में धुत आरोपी बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल उसे उठाकर ले जाने लगा था, लेकिन मां ने पीछे मुड़ते ही आरोपी को जमीन पर गिरा दिया।

यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर लांबड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बावजूद आरोपी धमकी देने लगा कि वह एक फोन करेगा और जेल से बाहर आ जाएगा। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को गाड़ी में डालकर ले गई लेकिन उनसे न तो शिकायत ली और न ही बयान दर्ज किए। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ और जांच की बात कह रही है।

यह मामला लांबड़ा थाने के अंतर्गत नाला पुल क्षेत्र का है। महिला निहाल ने बताया कि वह छुटि्टयों की वजह से मायके आई हुई थी। शुक्रवार को वह अपनी छोटी बच्ची को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने की तैयारी में थी। जब वह सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी एक मजदूर काफी देर से उसका पीछा कर रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

10. कल का बिग इवेंट

  • पंजाब भर में कांग्रेस कल (30 मई को) पेट्रोल-डीजल के बढ़ते रेट के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
  • लुधियाना के जिला प्रधान संजय तलवाड़ ने कहा- विधानसभा स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
  • सभी हलका इंचार्ज अपने-अपने स्तर रैलियां निकालेंगे।

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात )

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.