रामपुर में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में 6 गिरफ्तार:युवक को प्रलोभन देने के आरोप में केस दर्ज, बाइबल और संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद


रामपुर में एक युवक को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने चार युवक और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामला पटवाई थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार, निस्वी का मझरा निवासी शेर सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग उनके बीमार पुत्र अशोक को बहला-फुसलाकर और विभिन्न प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। रामपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी शाहबाद के पर्यवेक्षण में पटवाई थाना पुलिस ने ग्राम मझरा निस्वी में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र निवासी चंदपुर कला थाना सैफनी, नरेश कुमार और तेजपाल निवासी नासरपुर जिला संभल तथा करन सिंह निवासी गौसमपुर थाना पटवाई शामिल हैं। दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला आरोपी के काले बैग की तलाशी के दौरान एक बाइबल और पानी की बोतल में संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद हुआ। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। पटवाई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *