खलीलाबाद में चाकूबाजी में दो किशोर घायल:जुलूस में धक्का-मुक्की के विवाद की रंजिश में दो किशोरों पर चाकू से हमला, दोनों गंभीर


खलीलाबाद में बरावफात के जुलूस में हुई धक्का-मुक्की और कहासुनी की रंजिश में दो किशोरों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी पठान टोला में मस्जिद के पीछे हुई। हमले में 13 वर्षीय रोमान शब्बीर और उसका 15 वर्षीय साथी कासिम अली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने फरहान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पश्चिमी पठान टोला निवासी हलीमा सादिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा रोमान शब्बीर 26 अगस्त को बरावफात का जुलूस देखने गया था। जुलूस के दौरान उसकी अंसारटोला निवासी फरहान से धक्का-मुक्की और कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद के बाद फरहान ने रोमान को देख लेने की धमकी दी थी। बाजार से लौटते समय घेरकर किया हमला तहरीर के मुताबिक, 28 अगस्त को रोमान अपने 15 वर्षीय साथी कासिम अली के साथ बाजार से लौट रहा था। दोनों मस्जिद के पीछे पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद फरहान ने रोमान पर चाकू से हमला कर दिया। बचने की कोशिश करने पर आरोपी ने उस पर सामने से भी धारदार चाकू से वार किया। रोमान को बचाने के लिए कासिम बीच में आया तो उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया। दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। निजी अस्पताल में कराया उपचार घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और उनके परिचित मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। इसके बाद रोमान की मां हलीमा सादिया ने खलीलाबाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि फरहान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *