कच्ची दीवार गिरने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत:सीतापुर में रक्षाबंधन पर मामा के घर आया था आर्यन,वारदात के बाद परिवार में मचा कोहराम


सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लकवा बोझी में शनिवार शाम करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, थाना रामपुर कला क्षेत्र के ग्राम खेतमनी निवासी सहज राम का पांच वर्षीय पुत्र आर्यन रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए अपनी मां के साथ बिसवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लकवा बोझी स्थित अपने मामा के घर आया था। शनिवार को आर्यन घर के अंदर सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला। आर्यन को गंभीर हालत में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी परिजनों से ली और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *