![]()
गुरुग्राम में वांछित की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची बिजनौर पुलिस की कार्रवाई में युवक की मौत के बाद पांच पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। प्रथमदृष्टया जांच में गैर-राज्य में दबिश से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने की बात सामने आने पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नांगल थाने के दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इनमें दरोगा हरस्वरूप शर्मा और कांस्टेबल सुजीत कुमार, रोहित कुमार, अरुण राजौरा व पवन कुमार शामिल हैं। नांगल थाना क्षेत्र के तिसोतरा गांव निवासी पंकज कुमार एक मामले में वांछित था। 25 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि वह गुरुग्राम में अपने दोस्त डिकेन्द्र उर्फ डीके के किराए के कमरे में रह रहा है। सूचना के आधार पर नांगल थाने की टीम गुरुग्राम के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम में दरोगा हरस्वरूप शर्मा के साथ चार कांस्टेबल शामिल थे। आरोप है कि गुरुग्राम जाने से पहले टीम ने न तो थाने में रवानगी दर्ज कराई और न ही इस कार्रवाई की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। स्थानीय हरियाणा पुलिस को भी दबिश के बारे में सूचित नहीं किया गया। खींचतान के दौरान युवक ने खुद को गोली मारी पुलिस टीम जब डिकेन्द्र उर्फ डीके के कमरे पर पहुंची तो वहां पंकज और डिकेन्द्र दोनों मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों और दोनों युवकों के बीच खींचतान शुरू हो गई। इसी दौरान डिकेन्द्र ने तमंचे से अपने पेट में गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने अपने थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मामला सामने आने के बाद बिजनौर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गुरुग्राम पहुंचे और हरियाणा पुलिस के अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रक्रिया में लापरवाही मिली तो एसपी ने की कार्रवाई प्रकरण की जांच में सामने आया कि गैर-राज्य में दबिश देने से पहले पुलिस टीम ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया था। रवानगी दर्ज नहीं कराई गई थी और स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई थी। प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने दरोगा हरस्वरूप शर्मा समेत पांचों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई भी जांच के घेरे में गुरुग्राम में दबिश के दौरान युवक की गोली लगने से मौत और उसके बाद पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। अब पूरे घटनाक्रम में पुलिस टीम की कार्रवाई, दबिश की प्रक्रिया और युवक की मौत से जुड़े तथ्यों की विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है।
Source link
गुरुग्राम में दबिश देने पहुंचे बिजनौर के 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड:न रवानगी दर्ज कराई न हरियाणा पुलिस को बताया, दबिश में युवक की हो गई थी मौत