NH-19 पर गल्ला मंडी से छलेसर तक स्ट्रीट लाइटें बंद:देश के सबसे व्यस्त राजमार्ग पर अंधेरा, सुरक्षा पर सवाल


आगरा नेशनल हाईवे-19 पर रविवार शाम से अंधेरा छाया गया। आगरा में नवीन गल्ला मंडी से लेकर छलेसर तक इस राजमार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे रात के समय यात्रा करने वाले हजारों वाहन चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एनएच-19 ऐतिहासिक ग्रैंड ट्रंक रोड का हिस्सा है और यह आगरा से होते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल को कोलकाता से जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक ट्रक, यात्री बसें और अन्य वाहन गुजरते हैं। इतनी लंबी दूरी तक स्ट्रीट लाइटों का बंद रहना एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। रात के अंधेरे में बिना टेल-लाइट वाले ट्रक, सड़क किनारे खड़े वाहन, अचानक सड़क पार करने वाले मवेशी या राहगीर समय रहते दिखाई नहीं देते। इसके अतिरिक्त, निर्माणाधीन हिस्से, डिवाइडर और डायवर्जन भी स्पष्ट नजर नहीं आते, जिससे किसी भी समय बड़े सड़क हादसे का खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, और स्ट्रीट लाइटों के ठप होने से जोखिम कई गुना बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की होती है। ऐसे में इतने महत्वपूर्ण मार्ग पर घंटों तक अंधेरा रहने के बावजूद व्यवस्था बहाल न होना एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। यदि इस लापरवाही के कारण कोई गंभीर दुर्घटना होती है, तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी, यह प्रश्न फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के सामने है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *