हरदोई में युवती 14 दिन से लापता:जीजा ने पुलिस से लगाई गुहार, कोतवाल बोले- जल्द होगा खुलासा


हरदोई के लोनार कोतवाली क्षेत्र से एक 20 वर्षीय युवती 14 दिनों से लापता है। पुलिस अभी तक युवती का पता नहीं लगा पाई है। न ही मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई है। युवती के जीजा ने रविवार शाम करीब 4:30 बजे बताया कि वे कई बार थाने जा चुके हैं, लेकिन पुलिस केवल खोज जारी होने की बात कहती है। वहीं, कोतवाल ने मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है। युवती के जीजा ने पुलिस से अपनी साली को सकुशल खोजने और मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। युवती के माता-पिता, दो छोटे भाई और तीन बहनें उसकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं। यह घटना 5 जुलाई की देर शाम करीब 7 बजे हुई थी। लोनार कोतवाली क्षेत्र के गांव की निवासी युवती घर से बाहर निकली थी। परिवार का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसे शादी के इरादे से बहला-फुसलाकर एक अज्ञात वाहन में अपने साथ ले गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि युवती घर में रखे सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई है। इस कृत्य में मुख्य आरोपी के भाई, चाचा और चचेरे भाई ने भी उसकी मदद की। पीड़ित पिता ने 7 जुलाई को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार, 19 जुलाई को युवती के जीजा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के इतने दिन बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और युवती की जल्द सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। इस संबंध में कोतवाल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि कॉल डिटेल के विवरण से कई अहम सुराग मिले हैं और मामले का बहुत जल्द खुलासा किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *