रोहित प्रजापति | अमरोहाकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

अमरोहा में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इस बार भव्य रूप में मनाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में 21 जून को राजकीय मिनी स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 15 से 21 जून तक योग सप्ताह भी मनाया जाएगा।
बैठक की शुरुआत आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक योगाचार्य नीतीश भारद्वाज ने सभी अधिकारियों को 5 मिनट का योगा ब्रेक कराकर की। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों में प्रतिदिन 5 मिनट का योगा ब्रेक लागू करने के निर्देश दिए हैं।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक ने बताया कि इस वर्ष की थीम ‘Yoga for Healthy Ageing’ है। आयुष विभाग के मास्टर ट्रेनर नीतीश भारद्वाज और उनकी टीम सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में कॉमन योगा प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण देगी। योग सप्ताह का उद्घाटन 15 जून को गंगा घाट तिगरी से होगा, और कार्यक्रम तहसील, ब्लॉक तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय और Habuild Healthech के सहयोग से विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए 18003157008 पर मिस कॉल करके पंजीकरण कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देकर योग दिवस को सफल बनाया जाए। कार्यक्रमों की तस्वीरें और वीडियो `kavach.upayush.in` पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। बैठक में पीडी डीआरडीए अंबरीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, डॉ. प्रतीक अग्रवाल सहित कई अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
