![]()
बलरामपुर में नामित सभासद पर कथित हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुरुवार को राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सभासदों और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने नगर कोतवाली का घेराव कर परिसर के अंदर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया और आरोपियों की गिरफ्तारी तक कोतवाली में डटे रहने का ऐलान किया। यह मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के तुलसीपार्क निवासी नामित सभासद जयन्त सिंह धर्मू से जुड़ा है। मंगलवार रात करीब 8 बजे जयन्त सिंह अपनी सफेद एक्टिवा स्कूटी से व्यावसायिक कार्य से जा रहे थे। आरोप है कि अम्बेडकर तिराहे के पास एक युवक ने उनकी स्कूटी रोककर विवाद शुरू कर दिया। सभासद के अनुसार, विरोध करने पर युवक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। पीड़ित सभासद ने बताया कि मौके पर पहुंचे मनी, राना, साहिल समेत दो अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने कमर में असलहा लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी। सभासद किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही नगर के कई सभासद और जनप्रतिनिधि देर रात कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज सभासदों और भाजपा पदाधिकारियों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आया। दर्जनों की संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने नगर कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विशाल पांडेय ने धरने पर बैठे सभासदों और भाजपाइयों को उठाने के लिए काफी देर तक मान-मनौवल की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे और कोतवाली परिसर में डटे रहे।
Source link
सभासद पर हमले के विरोध में भाजपाई कोतवाली पहुंचे:बलरामपुर में हनुमान चालीसा पाठ कर जताया आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग