चारबाग में तैयार हुआ वंदे भारत का नया कोचिंग कॉम्प्लेक्स:एक साथ कई ट्रेनों की होगी मेंटेनेंस, फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में, जल्द होगा उद्घाटन


लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेनों की मेंटेनेंस को लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्या जल्द खत्म होने वाली है। स्टेशन परिसर में नया कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो गया है। फिलहाल इसकी फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद एक समय में एक से अधिक वंदे भारत ट्रेनों की मेंटेनेंस की जा सकेगी। चारबाग स्टेशन से फिलहाल आनंद विहार, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर और अयोध्या समेत कई प्रमुख शहरों के लिए वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। वहीं लखनऊ जंक्शन से देहरादून और गोमतीनगर स्टेशन से पटना व सहारनपुर के लिए भी वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। ट्रेनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक मेंटेनेंस सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी। पुराने मालगोदाम की जगह बनाया गया आधुनिक कॉम्प्लेक्स रेलवे ने चारबाग स्टेशन के पुराने मालगोदाम की जगह इस नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया है। इसके शुरू होने से ट्रेनों की नियमित जांच, सफाई और तकनीकी रखरखाव का काम पहले से अधिक तेज और व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि कोचिंग कॉम्प्लेक्स तैयार हो चुका है। केवल अंतिम फिनिशिंग का काम बाकी है। जल्द ही उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित कर इसे संचालन के लिए शुरू कर दिया जाएगा। चारबाग स्टेशन के फर्स्ट एंट्री पर भी शुरू होगा निर्माण चारबाग रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित करने का काम भी तेजी से चल रहा है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से स्टेशन की सेकंड एंट्री की नई इमारत तैयार कर ली गई है। इसके अलावा कॉन्कोर्स के लिए पिलर लगाए जा रहे हैं और प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2, 3, 4 और 5 पर निर्माण कार्य जारी है। पुराने शेड हटाए जा रहे हैं ताकि नए ढांचे का निर्माण किया जा सके। अगले महीने से पार्किंग क्षेत्र में शुरू होगा काम आरएलडीए अब स्टेशन की फर्स्ट एंट्री के पुनर्विकास का काम भी शुरू करने जा रहा है। अगले महीने से मौजूदा पार्किंग क्षेत्र में पिलर खड़े करने का काम शुरू होगा। इसके बाद चारबाग स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार का भी आधुनिक स्वरूप सामने आएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *