हरदोई में चोकर कारोबारी ने फांसी लगाकर जान दी:घर में अकेला था, पिता आल्हा सुनने गए थे; मौत की वजह स्पष्ट नहीं


हरदोई में शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे 21 साल के चोकर व्यवसायी प्रवीण कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह नए मकान में अकेला था। उसके पिता गांव में आयोजित आल्हा गायन सुनने गए थे। देर रात लौटने पर पिता ने बेटे को फंदे पर लटका देखा। रविवार दोपहर करीब 2 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामला मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के दारापुर गांव का है। नए मकान में अकेला था प्रवीण मृतक प्रवीण कुमार रामनरेश का बेटा था और गांव में चोकर का व्यवसाय करता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार के अन्य सदस्य गांव के पुराने मकान में रहते हैं, जबकि प्रवीण और उसके पिता रात में नए मकान में सोते थे। आल्हा सुनने गए थे पिता शनिवार रात गांव में दंगल के दौरान आल्हा गायन का कार्यक्रम चल रहा था। रामनरेश बेटे प्रवीण को नए मकान में अकेला छोड़कर कार्यक्रम देखने चले गए। देर रात वापस लौटने पर उन्होंने प्रवीण को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो गैलरी में लगे लोहे के जाल से रस्सी के सहारे उसका शव लटका हुआ था। पास में एक सीढ़ी भी रखी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर मल्लावां कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार दोपहर करीब 2 बजे पोस्टमार्टम कराया गया। आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस प्रवीण ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *