सीतापुर में बुक कर लूटी गई वैगनआर बरामद:2 बदमाश गिरफ्तार, लखनऊ के कामता से बुक की थी, कमलापुर के पास लूटकर हो गए थे फरार


सीतापुर में कमलापुर थाना पुलिस ने ओला कार बुक कर चालक से लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा किया। मंगलवार को पुलिस ने लूटी गई वैगनआर कार बरामद कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक चाकू, एक जिंदा कारतूस और चालक का लूटा गया पर्स भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, कमलापुर पुलिस मंगलवार सुबह वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि लूटी गई वैगनआर कार (UP 32 RT 5039) कम्हरिया चौराहे से भज्जा पुल की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। उसमें सवार आशीष कुमार निवासी अमेठी और अजय प्रताप सिंह निवासी गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। 1400 रुपये में बुक की कार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 18-19 जुलाई की रात उन्होंने लखनऊ के कामता बस अड्डे से चालक प्रमोद कुमार सिंह की वैगनआर कार 1400 रुपये में कमलापुर जाने के लिए बुक की थी। कमलापुर से करीब चार किलोमीटर पहले विक्रमपुर लिंक रोड पर सुनसान स्थान देखकर उन्होंने चालक के साथ मारपीट की। चाकू के बल पर कार और उसका पर्स लूटकर फरार हो गए। कार से ढो रहे थे सवारियां पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि लूटी गई वैगनआर कार से वे सवारियां बैठाकर किराया वसूल रहे थे। उनका इरादा मौका मिलने पर यात्रियों से नकदी और जेवर लूटने का भी था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आए थे और फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए थे। कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर अंतरजनपदीय अपराधी हैं। इनके खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, गोंडा और अयोध्या समेत कई जनपदों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर जैसे गंभीर मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *