दिल्ली में अखिलेश यादव गिरफ्तार, फर्रुखाबाद में सपा का धरना:लोहिया मूर्ति के पास जमकर नारेबाजी, कहा- राम विरोधी सरकार नहीं चलेगी


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में गिरफ्तार किए जाने के विरोध में फर्रुखाबाद में सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मंगलवार रात जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में लोहिया मूर्ति के पास यह प्रदर्शन जारी है। दरअसल, मंगलवार को अखिलेश यादव दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के साथ धरना दे रहे थे। इस दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसी गिरफ्तारी के विरोध में फर्रुखाबाद में मंगलवार रात करीब 9:30 बजे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च निकालते हुए वे लोहिया तिराहे पहुंचे और लोहिया मूर्ति के नीचे धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। वे सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं, जिनमें “राम विरोधी है सरकार नहीं चलेगी”, “देश विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी” और “किसान विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी” प्रमुख हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, साथ ही अखिलेश यादव को तुरंत रिहा किया जाए। धरना स्थल पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत और पूर्व मंत्री सर्वेश अंबेडकर सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद हैं। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रिहा नहीं हो जाते, यह धरना जारी रहेगा। लोहिया मूर्ति के बाहर कादरी गेट थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *