![]()
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के गंभीरपुर में सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या है। सूचना मिलते ही एसीपी पनकी अमित चौरसिया समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिजनों बोले- हत्या की गई पनकी थाना क्षेत्र के गंभीरपुर निवासी राजेश्वरी देवी (45) अपने दो बेटों विकास और गोविंद तथा बहू के साथ रहती थीं। उनके पति गंगासागर की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। मृतका के बेटे गोविंद ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले कैंब्रिज चौराहे के पास उसकी क्षेत्र के रहने वाले मनीष राजपूत और उसके साथियों से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते रविवार रात मनीष ने जानबूझकर अपनी ऑटो राजेश्वरी देवी पर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव रखकर किया प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने शव घर के बाहर सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। एसीपी बोले- पांच टीमें आरोपियों की तलाश में एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link
कानपुर में महिला की ऑटो से कुचलकर मौत:परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया, शव रखकर हंगामा