अखिलेश यादव की गिरफ्तारी पर सपा का प्रदर्शन:लखीमपुर में कोतवाली का घेराव, 50 से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में


लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार रात 8 बजे अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान 50 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बड़ा चौराहा पहुंचे। उन्होंने सदर चौराहे पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद, प्रदर्शनकारी कोतवाली पहुंच गए और मुख्य गेट पर बैठकर धरना देते हुए नारेबाजी की। लगभग दो घंटे तक यह प्रदर्शन चला। यह प्रदर्शन दिल्ली में अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में किया गया था। अखिलेश यादव को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान हिरासत में लिया गया था। प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सीओ सिटी विवेक तिवारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर लगातार नजर रखी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया और 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इनमें चार महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं। सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर पुलिस लाइन भेजा गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस प्रदर्शन के कारण शहर में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *