![]()
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने प्रयागराज में अवैध निर्माणों और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखा है। इसी क्रम में सोमवार को पीडीए ने झूंसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 27 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन-05 के अंतर्गत जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में की गई। पीडीए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली कार्रवाई भागीपुर-अन्दावा झूंसी क्षेत्र में हाईवे के किनारे की गई। यहां गुलाब यादव, दिलीप यादव व अन्य लोगों द्वारा लगभग 12 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। पीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से इस अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद टीम ने सरपतीपुर अन्दावा क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां अजय मौर्या व अन्य लोगों द्वारा लगभग 5 बीघा में कराई जा रही अवैध प्लाटिंग को हटाया गया। इसी क्षेत्र में पंचम लाल मौर्या व अन्य लोगों द्वारा करीब 10 बीघा जमीन पर विकसित की गई अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। पीडीए अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण ने निर्माणकर्ताओं और डेवलपर्स को निर्देश दिया है कि किसी भी विकास कार्य को शुरू करने से पहले संबंधित मानचित्र की स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। साथ ही, पीडीए ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी कॉलोनी, प्लॉट या जमीन की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच जरूर कर लें। इससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के अलावा अवर अभियंता, सुपरवाइजर, पीडीए प्रवर्तन टीम और थाना सरायइनायत पुलिस की मौजूदगी रही।
Source link
झूंसी में पीडीए की बड़ी कार्रवाई:27 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, तीन स्थानों पर ध्वस्तीकरण