हरदोई में बारिश से दीवारें ढहीं:दो अलग-अलग हादसों में दंपती और बच्चों समेत 6 घायल


हरदोई में रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दीवारें ढहने से दो हादसों में दंपती व बच्चों समेत कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। एक हादसा मंगलवार सुबह 4 बजे और दूसरा 5 बजे हुआ। पहला हादसा लोनार कोतवाली क्षेत्र के बावन कस्बे के मोहल्ला बीरमपट्टी में हुआ। यहां सीमेंट की दुकान पर काम करने वाले रामकिशोर (47) का कच्चा मकान था, जिसमें कच्ची दीवारों के सहारे छप्पर पड़ा हुआ था। सोमवार रात रामकिशोर अपनी पत्नी रेखा (45), पुत्री गुंजन (13) और पुष्पा (7) के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 4 बजे लगातार हो रही बारिश से कच्ची दीवार अचानक गिर गई, जिससे चारों लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। रामकिशोर की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सधई बेहटा गांव की है। ई-रिक्शा चालक मुन्ना (50) के मकान में कमरे के आगे पक्की ईंटों के सहारे टिनशेड पड़ा था, लेकिन ईंटों की जुड़ाई मसाले से नहीं की गई थी। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बारिश की नमी के कारण ईंटें अचानक गिर पड़ीं, जिसकी चपेट में आकर मुन्ना और उनकी पत्नी खैरुन्निसा (45) दब गए। परिजनों ने दोनों को मलबे से निकाला। गंभीर रूप से घायल खैरुन्निसा को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि मुन्ना को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद बीरमपट्टी मोहल्ले में लेखपाल शशिकांत ने पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *