![]()
अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति अपने बेटे के हत्यारोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पीड़ित कृतिपाल नामक व्यक्ति करीब एक घंटे से टंकी पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर शशि भूषण पाठक और नौगावां सादात क्षेत्राधिकारी अवधभान सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारी युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है। दरअसल, बीती 9 अगस्त को गांव निवासी अरविंद ने 21 वर्षीय सुधांशु प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। सुधांशु की हत्या के बाद से ही उसके परिजन लगातार आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इससे पहले भी पीड़ित परिवार ने समाज के तमाम लोगों के साथ कलेक्ट्रेट में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी और बुलडोजर चलाने की मांग की थी।
पुलिस ने घटना के अगले दिन ही मुख्य आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम वाले दिन भी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पीएम हाउस पर जमकर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दी थी। अमरोहा में मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने का यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे दो दिन पहले धनौरा थाना क्षेत्र के कैसरा गांव में एक विधवा महिला भी अपनी मांगों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई थी, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। फिलहाल, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं और मृतक के पिता को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं।
Source link
बेटे के हत्यारों को सजा नहीं, पिता टंकी पर चढ़ा:अमरोहा में एक घंटे तक पानी की टंकी पर रहा, गोली मारकर हुई थी युवक की हत्या