हरदोई में शादी समारोह के दौरान सड़क हादसा:अनियंत्रित पिकअप ने युवक को कुचला, दूल्हे के पिता समेत कई घायल


हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के कुमरियापुर गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दूध लदी पिकअप की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूल्हे के पिता सहित कई लोग घायल हो गए। इस घटना से शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के भरेहपुर गांव निवासी आशीष पुत्र अमृतलाल की शादी कुमरियापुर गांव में तय थी। रविवार रात करीब 9:15 बजे शादी समारोह के दौरान परिवार के कुछ सदस्य कुमरियापुर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान सांडी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार दूध लदी पिकअप अनियंत्रित होकर उनसे जा टकराई। इस हादसे में भरेहपुर गांव निवासी 27 वर्षीय बबलू कुशवाहा पुत्र जगराम कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बबलू की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया और शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
मृतक बबलू कुशवाहा एक किसान थे और उनकी शादी लगभग पांच वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उनकी असामयिक मृत्यु से गहरा शोक है। हादसे में दूल्हे आशीष के पिता अमृतलाल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में जारी है। परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, हादसे के वक्त दूल्हे के ताऊ रामतीर्थ पुत्र नखतराम समेत कई लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। दुर्घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *