![]()
रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के शिवनगर मजरे कंदरावा में शुक्रवार रात एक बड़ी वारदात हुई। यहां जंगल विभाग के पास कुछ हथियारबंद बदमाश एसटीएफ अधिकारी बनकर एक घर में घुस गए। उन्होंने परिवार को पीटा, फोन छीना और फरार हो गए। पीड़ित नूर मोहम्मद ने बताया कि रात करीब 9 बजे वे अपने परिवार और बुजुर्ग ससुर के साथ घर पर थे। इसी दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी से चार से पांच लोग पिस्टल लेकर आए। उन्होंने खुद को एसटीएफ का अधिकारी बताया। जैसे ही नूर मोहम्मद घर के दरवाजे के बाहर निकले, बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर अंदर धकेल दिया। इसके बाद दरवाजा बंद कर पिस्टल दिखाकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने नूर मोहम्मद, उनकी पत्नी और एक रिश्तेदार को लात-घूंसों और डंडों से पीटा। बदमाशों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर जब तक आसपास के लोग इकट्ठा होते, बदमाश नूर मोहम्मद का स्मार्ट फोन छीनकर मौके से भाग गए। घटना के बाद डरे हुए नूर मोहम्मद ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल ओम प्रकाश राय ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस अन्य सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।
Source link
रायबरेली में STF अधिकारी बनकर घर में घुसे बदमाश:परिवार को पिस्टल दिखाकर बंधक बनाया, लात-घूंसों और डंडों से पीटा