![]()
हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे एक पति ने पत्नी की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। सिर पर गंभीर चोटें लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। गांव में चर्चा रही कि आरोपी पति अपनी पत्नी को शराब पीकर अक्सर पीटता था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। गौरी दायमपुर निवासी कुंज बिहारी दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसका अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुंज बिहारी शराब पीने का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। नशे की हालत में हुए इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दंपती का तीन साल का बेटा युवराज है। महिला ने आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान होकर उसे पांच दिन पहले ही अपने जेठ भगवान के पुत्र सचिन के साथ दिल्ली भेज दिया था, इसलिए घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। बताया गया कि कुंज बिहारी और मोनी की शादी वर्ष 2017 में लखनऊ में एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में हुई थी। मृतका का मायका लखनऊ के चौक क्षेत्र में है। हाल ही में आरोपी ने केसीसी के माध्यम से 60 हजार रुपये बैंक से रुपये भी निकाले थे। वारदात की सूचना मिलते ही सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह, कासिमपुर थानाध्यक्ष धनश्याम राम पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई है।
Source link
हरदोई में पति ने पत्नी की हत्या की:मामूली विवाद के बाद सिलबट्टे से वार कर ली जान, आरोपी फरार