![]()
चित्रकूट जिले में मंदाकिनी नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह एक बार फिर तेजी से बढ़ गया। रात भर हुई तेज बारिश के बाद नदी खतरे के निशान से करीब दो मीटर ऊपर बह रही है। सुबह लगभग 8:30 बजे मंदाकिनी का जलस्तर 132 मीटर दर्ज किया गया, जबकि नदी का हाई लेवल 127 मीटर है। जलस्तर बढ़ने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पुलिस-प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रख रही हैं। मंदाकिनी के उफान का सबसे अधिक असर रामघाट और उसके आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है। नदी का पानी घाटों से निकलकर सड़कों तक पहुंच गया है। रामघाट के किनारे स्थित लगभग 300 दुकानें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। इनमें पूजा सामग्री, कपड़े, बर्तन, होटल-ढाबे और किराना सहित अन्य सामानों की दुकानें शामिल हैं। दुकानदारों को अचानक बढ़े पानी के कारण अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। तस्वीरें देखिए-
सड़कों के किनारे स्थित कई अन्य दुकानों में भी पानी घुसने लगा है, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान की आशंका है। नदी के आसपास रहने वाले स्थानीय लोग भी बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंतित हैं। कई निचले इलाकों में पानी पहुंचने के बाद लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर जाना शुरू कर दिया है। सदर एसडीएम अजय कुमार यादव ने बताया कि रात भर हुई बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों को सतर्क किया जा रहा है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले इलाकों के आसपास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। लगातार बारिश होने की आशंका को देखते हुए जलस्तर और बढ़ने की संभावना है, जिसके मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
Source link
चित्रकूट में मंदाकिनी फिर उफान पर:खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर, रामघाट की 300 दुकानें डूबीं