सुल्तानपुर में गैंगस्टर की स्कॉर्पियो में दारोगा:वलीपुर चौकी इंचार्ज पर उठे सवाल, बोले- आरोपियों को उनकी गाड़ी से लाए


सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वलीपुर चौकी इंचार्ज भरत सिंह को कुख्यात गैंगस्टर राकेश यादव और अमरजीत यादव की स्कॉर्पियो में देखा गया है। इस घटना ने पुलिस महकमे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राकेश यादव और अमरजीत यादव पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उन्हें क्षेत्र के शातिर अपराधियों में गिना जाता है। जानकारी के अनुसार, ये दोनों गैंगस्टर इस समय जेल में बंद हैं। ऐसे में उन्हीं अपराधियों की लग्जरी गाड़ी में एक पुलिस अधिकारी की मौजूदगी ने इलाके में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी ही गैंगस्टरों की गाड़ियों में घूमेंगे, तो पीड़ितों को न्याय कैसे मिलेगा। वीडियो गलत तरीके से पेश किया गया इस मामले में वलीपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भरत सिंह ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार यादव की तहरीर पर 24 अप्रैल को मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत रंजीत यादव, विंदेश और विवेक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। चौकी प्रभारी के अनुसार, विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों अभियुक्तों को उनकी ही गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी जिस वाहन में मिले, उसी वाहन से उन्हें थाने लाया गया और धारा 170/126/135 बीएनएस में चालान किया गया। भरत सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो को गलत तरीके से पेश कर पुलिस-अभियुक्त सांठगांठ का भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि यह गिरफ्तारी के दौरान की एक सामान्य प्रक्रिया थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *