गाय को चारा डालते महिला की करंट से मौत:सजेती में छत से टूटी बिजली केबल की चपेट में आईं, थोड़ी देर तक तड़पती रही


कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के घिराजापुर गांव में शनिवार शाम गाय-भैंस को चारा डालने गई (66 )वर्षीय महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। छत के ऊपर से गई केबल टूटकर पड़ी थी और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। चारा डालने के दौरान महिला का हाथ केबल से छू गया और वह करंट की चपेट में आकर वहीं गिर पड़ी। हादसे की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन केबल हटाकर महिला को छुड़ाया और निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। रोज की तरह पशुओं को चारा डालने गई थीं शांति घिराजापुर गांव निवासी महावीर किसान हैं। परिवार में पत्नी शांति (66), दो बेटे राम स्नेही और राम खिलावन हैं। पति महावीर के मुताबिक, शांति रोज की तरह शनिवार शाम घर में बंधी गाय और भैंस को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान छत के ऊपर से गई बिजली की केबल टूटी हुई पड़ी थी। उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। चारा डालते समय शांति का हाथ केबल से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गईं। केबल से चिपकी महिला, मौके पर ही थमी सांसें परिजनों ने बताया कि करंट लगने के बाद शांति केबल से चिपक गईं। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल बिजली की केबल हटाकर उन्हें छुड़ाया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा हादसे की सूचना मिलते ही सजेती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अनूप भारती ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *