![]()
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम करीब 9 बजे पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक गर्भवती महिला समेत दो लोग घायल हो गए। आरोप है कि बड़े भाई और उसके परिवार के सदस्यों ने छोटे भाई तथा उसकी पत्नी पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घायल गर्भवती महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर निवासी ननकू पुत्र बदलू ने आरोप लगाया है कि वह पैतृक घर छोड़कर गांव में ही अलग मकान बनाकर रह रहा है। इसके बावजूद पैतृक संपत्ति के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर उसके बड़े भाई से लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर सोमवार देर शाम करीब 9 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। पीड़ित ननकू का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसके बड़े भाई शिशुपाल, भाभी गुलाबा तथा भतीजे अभय ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उसकी गर्भवती पत्नी संगीता बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि महिला पर लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थरों से भी हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल दंपति को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गर्भवती महिला को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया, जबकि उसके पति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में संपत्ति विवाद, गर्भवती महिला सहित दो घायल:बड़े भाई पर भाई और पत्नी को पीटने का आरोप, हालत गंभीर