कानपुर में 3km लंबी कलश यात्रा निकली:श्री शिव महापुराण कथा से पहले हजारों श्रद्धालु उमड़े, हर-हर महादेव के लगते रहे जयकारे


कानपुर में मंगलवार शाम श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पहले एक कलश यात्रा निकाली गई। शाम 6 बजे शुरू हुई यह यात्रा करीब 3 किलोमीटर लंबी थी। बारिश और बादलों के बावजूद हजारों शिवभक्त इसमें शामिल हुए। सिर पर कलश लिए महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर यात्रा में आगे बढ़े। यह यात्रा रात 8:15 बजे तक चली। कलश यात्रा चकेरी के सुरक्षा विहार से शुरू हुई। यह इलेक्ट्रॉनिक बस चार्जिंग पॉइंट और अहिरवां गांव से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। महिलाएं सिर पर कलश लिए चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। रास्ते भर ‘हर-हर महादेव’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। हजारों श्रद्धालुओं के जमा होने से क्षेत्र में भक्ति का नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि महादेव की भक्ति के आगे मौसम की परेशानी भी कम पड़ गई। शिवभक्तों के उत्साह ने बारिश को भी भक्ति के रंग में रंग दिया। कथा वक्ता प्रशांत प्रभु महाराज ने बताया कि सुरक्षा विहार में 11 दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। महेश वर्मा और रजत पांडेय मुख्य यजमान रहेंगे। इस कलश यात्रा में राकेश तिवारी, पंकज पांडेय, अभय गुप्ता, महावीर तिवारी, सुशील कुशवाहा, श्याम सुंदर, प्रभाकर, कुसुम सिंह, प्रतिभा पांडेय, प्रियंका सिंह और माधुरी वर्मा समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *