सावन के गीतों पर जमकर झूमीं महिलाएं:हरियाली तीज पर द दीवास का भव्य आयोजन, मेहंदी-तीज क्वीन प्रतियोगिता ने बढ़ाई रौनक


प्रयागराज में हरियाली तीज के अवसर पर ‘द दीवास’ इवेंट की ओर से सिविल लाइंस स्थित होटल में भव्य हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं से आयोजन स्थल का माहौल पूरी तरह सावन और तीज के रंग में रंगा नजर आया। महोत्सव के दौरान सावन और तीज के एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियां हुईं। महिलाओं ने सावन के लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांध दिया। गीत-संगीत और नृत्य के बीच महिलाओं ने जमकर उत्सव का आनंद लिया। मेहंदी, तीज क्वीन कॉम्पटिशन ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए कई मनोरंजक और पारंपरिक गतिविधियां आयोजित की गईं। मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। वहीं ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इसके अलावा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को आयोजकों की ओर से विशेष उपहार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ‘ऐसे आयोजन परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम’
कार्यक्रम में ‘द दीवास’ इवेंट की संस्थापिका प्रियंका के साथ पूजा, पिंकी और लता ने सभी उपस्थित महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं और समृद्ध संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर देने के साथ आपसी प्रेम, सहयोग और सौहार्द बढ़ाने का भी माध्यम हैं। पारंपरिक व्यंजनों का लिया आनंद
कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान सावन के गीत, नृत्य, मेहंदी, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच तीज का उल्लास देखने को मिला।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *