![]()
लखनऊ के कैसरबाग में नगर निगम के ठेकेदार मोहम्मद अनस पर 10 सितंबर को हुए जानलेवा हमले की साजिश उसके परिचित ने रची थी। अमेठी से लखनऊ आए तीन युवकों ने तेलीबाग से कैसरबाग तक करीब 11 किलोमीटर तक अनस की कार का पीछा किया और मौका मिलते ही लोहे की रॉड और पाना से हमला कर दिया। कैसरबाग पुलिस ने शनिवार को वारदात में शामिल तीन आरोपियों को बालाकदर रोड से गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमेठी के जगदीशपुर निवासी मोहम्मद अरशद और मोहम्मद रहमान तथा शुकुलबाजार निवासी जिशान के रूप में हुई है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड और पाना बरामद किया है। मामले में ठेकेदार मो. अनस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। काम की तलाश में आए थे लखनऊ, परिचित ने दी थी सुपारी आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे घटना से कुछ दिन पहले काम की तलाश में लखनऊ आए थे। यहां उनकी मुलाकात अनस के परिचित और अमेठी के शुकुलबाजार निवासी रौनित से हुई। रौनित ने ही अनस पर हमला करने की योजना बनाई और तीनों को वारदात के लिए तैयार किया। इसके बदले उन्हें रकम देने की बात तय हुई थी। तेलीबाग से कैसरबाग तक किया पीछा साजिश के तहत 10 सितंबर को तीनों आरोपी रौनित की कार से तेलीबाग पहुंचे। इसके बाद अनस की कार का करीब 11 किलोमीटर तक पीछा करते हुए कैसरबाग पहुंचे। यहां मौका मिलते ही आरोपियों ने अनस पर लोहे की रॉड और पाना से हमला कर दिया। वारदात के बाद तीनों मौके से भाग निकले। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि मामले में फरार चल रहे रौनित की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही अनस पर हमले की असली वजह सामने आएगी। दोनों के बीच रिश्ता क्या है, इसकी जानकारी भी आरोपी नहीं दे सके हैं।
Source link
लखनऊ में ठेकेदार पर हमला करने वाले तीन गिरफ्तार:परिचित ने दी थी हत्या की सुपारी, 11 किमी तक पीछा कर लोहे की रॉड से मारा