संभल-रामपुर सीमा पर सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत:रिश्तेदारी से घर लौट रहा था, प्लाईवुड से भरा ई-रिक्शा पलटा


संभल और रामपुर की सीमा पर एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। प्लाईवुड से भरा ई-रिक्शा पलटने से यह घटना हुई, जिसके बाद चालक रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान संभल जिले की चंदौसी तहसील के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के रीठ गांव निवासी 55 वर्षीय राम सिंह पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। यह हादसा संभल के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गांव के पास रीठ-गुलरिया मार्ग पर रामपुर के शाहबाद थाना क्षेत्र की सीमा पर हुआ। राम सिंह शाहबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में शामिल होने गए थे। वहां से घर लौटते समय वह ई-रिक्शा में सवार थे। पुलिस के मुताबिक, ई-रिक्शा पर प्लाईवुड लदा हुआ था, जो अचानक पलट गया और राम सिंह उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलने पर पहले रामपुर के शाहबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद संभल पुलिस भी आई। यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई थी। शनिवार को पहचान होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *