![]()
संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र स्थित बसवारी गांव में लगभग 300 वर्ष पुराना ऐतिहासिक बाबा बैजूनाथ मंदिर रविवार दोपहर 1.30 बज अचानक ढह गया। लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के कारण मंदिर की दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिससे यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर 12 बजे मंदिर की दीवारों में पहले दरारें दिखाई दीं। इससे पहले कि स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, पूरा मंदिर ढांचा तेज आवाज के साथ जमीन पर ढह गया। मंदिर गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। यह मंदिर वर्षों से क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, इसलिए घटना के बाद से इलाके में मायूसी का माहौल है।
बाबा बैजूनाथ मंदिर हाल ही में तब चर्चा में आया था, जब 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया था। मुख्यमंत्री ने धनघटा और खजनी विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त जनसभा को संबोधित करने से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को देखते हुए इसके संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे।
Source link
संतकबीरनगर में 300 साल पुराना बैजूनाथ मंदिर ढहा:लगातार बारिश बनी वजह, 25 जून को CM योगी ने किए थे दर्शन