![]()
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार (3 सितंबर 2026) को प्रयागराज शहर के प्रमुख ऑनलाइन डिलीवरी पॉइंट्स, रेस्टोरेंट्स और डेयरी दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान सिविल लाइंस स्थित ‘सरदार जी रेस्टोरेंट’ को गंदगी मिलने पर तुरंत बंद करा दिया गया। बिग बास्केट और ब्लिंकिट समेत कुल 5 प्रतिष्ठानों को गंभीर कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है। विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान मिलावट की आशंका में पनीर, खोया और शरबत के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि सिविल लाइंस में विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित सरदार जी रेस्टोरेंट के परिसर और किचन में बहुत ज्यादा गंदगी मिली। इस वजह से इसे तुरंत बंद करा दिया गया। जब तक सुधार नहीं होता, यहां खाने-पीने का काम बंद रहेगा। टीम ने गुणवत्ता की आशंका में पनीर का सैंपल भी लिया और मौके पर मिले कचरे को नष्ट कराया। बिग बास्केट के जॉर्ज टाउन डिलीवरी पॉइंट की जांच के दौरान शरबत का सैंपल लिया गया। जांच में लगभग 25 किलोग्राम आलू खराब मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। प्रतिष्ठान को एक्सपायर हो चुकी चीजें अलग रखने, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस और आईडी कार्ड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही उन्हें नोटिस भी दिया गया। ब्लिंकिट स्टोर तेलियरगंज में टीम ने स्टोर में रखे खाद्य पदार्थों की जांच की। यहां काम कर रहे कर्मचारियों के पास मेडिकल सर्टिफिकेट और फॉस्टैक (FoSTaC) ट्रेनिंग सर्टिफिकेट नहीं था, जिसके कारण नोटिस जारी किया गया। आदर्श कॉलोनी पोंगहट पुल स्थित श्याम डेयरी से मिलावट की आशंका में ‘खोया’ का सैंपल लिया गया। कटघर रोड स्थित मॉर्निंग इन रेस्टोरेंट को भी नोटिस दिया गया। यहां कर्मचारियों का मेडिकल सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और पानी की ताजा जांच रिपोर्ट नहीं मिली। ममफोर्डगंज त्रिपाठी चौराहे पर स्थित महादेव फेमस समोसा दुकान में साफ-सफाई ठीक न होने पर नोटिस दिया गया। सहायक आयुक्त डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 (FSSAI) के संबंधित नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
Source link
प्रयागराज में खाद्य-सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सरदार जी रेस्टोरेंट सील:बिग बास्केट, ब्लिंकिट समेत 5 प्रतिष्ठानों को गंदगी और कमियों पर नोटिस