शराब पीने से मना करने पर मां की हत्या:सीतापुर में मारपीट के बाद महिला का सिर फोड़ा, घर खर्च को लेकर अक्सर होता था विवाद


सीतापुर जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार सुबह सामने आई, जब बेटे ने शराब पीने से मना करने पर अपनी मां को मार डाला। जानकारी के अनुसार, बेनियापुर गांव निवासी 65 वर्षीय सावित्री देवी अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। ग्रामीणों ने बताया कि त्रिभुवन शराब का आदी था और कोई काम नहीं करता था। उसकी शराब की लत और घर के खर्च को लेकर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। त्रिभुवन नशे में अपनी मां के साथ मारपीट भी करता था। शनिवार रात त्रिभुवन नशे की हालत में घर पहुंचा। जब मां सावित्री देवी ने उसे शराब पीने से रोका और समझाने का प्रयास किया, तो त्रिभुवन गुस्से में आ गया। उसने घर में रखे एक भारी डंडे से अपनी मां पर कई वार किए। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें लगने से सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। इस घटना के बाद बेनियापुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि नशे की लत के कारण बेटे ने अपनी मां की जान ले ली। थानाध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि हर पहलू पर जांच की जा रही है मामले में विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी, दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *