![]()
यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में मेजबान कानपुर सुपरस्टार्स का सफर बेहद निराशाजनक तरीके से खत्म हो गया है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में बारिश सबसे बड़ी विलेन साबित हुई। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं खेला जा सका। डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत लखनऊ फाल्कन्स ने इस मुकाबले को 13 रन से अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ ही घरेलू मैदान पर खेल रही कानपुर सुपरस्टार्स की प्लेऑफ में पहुंचने की बची-खुची उम्मीदें भी पूरी तरह टूट गई हैं। टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनना पड़ा भारी, लखनऊ की दमदार शुरुआत अपने घरेलू मैदान और समर्थकों के बीच खेलते हुए कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन लखनऊ के ओपनर्स ने कानपुर के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। लखनऊ फाल्कन्स को सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान (40 रन) और हिमांशु (43 रन) ने एक शानदार और तेजतर्रार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने कानपुर के बॉलिंग अटैक का डटकर सामना किया और टीम के लिए एक मजबूत नींव तैयार की। मध्यक्रम लड़खड़ाया, पर प्रियम और विप्रराज ने 160 तक पहुंचाया स्कोर बेहतरीन शुरुआत के बाद लखनऊ का मध्यक्रम अचानक लड़खड़ा गया। टीम के बल्लेबाज आराध्य यादव (4 रन) और अजित वर्मा (3 रन) कुछ खास नहीं कर सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए। कृतज्ञ भी 14 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इस समय ऐसा लगा कि कानपुर मैच में वापसी कर लेगा, लेकिन इसके बाद प्रियम गर्ग (32 रन) और विप्रराज निगम (18 रन) ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी की। दोनों ने पारी को संभाला और 20 ओवर में टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 160 रन तक पहुंचा दिया। गेंदबाजी की बात करें तो कानपुर सुपरस्टार्स की तरफ से विनीत पंवार, शुभम मिश्रा, शक्ति वर्मा, यशोवर्धन और पवन ने सधी हुई लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए एक-एक विकेट अपने नाम किया। कानपुर का टॉप ऑर्डर हुआ फेल, शून्य पर आउट हुए प्रियांशु
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। टीम का टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। सलामी बल्लेबाज प्रियांशु बिना खाता खोले (0) आउट हो गए, जिससे टीम शुरुआत में ही दबाव में आ गई। इसके बाद आदर्श (11 रन) भी जल्दी चलते बने। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने आए अभिषेक (10 रन) भी कोई कमाल नहीं दिखा सके और टीम संघर्ष करती नजर आई। कप्तान समीर भी बोल्ड, बारिश ने किया खेल खत्म
लगातार गिरते विकेटों के बीच कप्तान समीर (17 रन) ने कुछ देर क्रीज पर टिककर पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन रनों का दबाव बढ़ता जा रहा था और इसी दबाव में विप्रराज की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वह क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद सत्यम (6 रन) और यशोवर्धन (18 रन) क्रीज पर नाबाद थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। वर्षा बाधित इस मुकाबले में जब खेल रोका गया, तब कानपुर सुपरस्टार्स ने 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 68 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश नहीं रुकी और अंपायरों को डकवर्थ लुईस (DLS) नियम का सहारा लेना पड़ा। DLS के तय पार स्कोर के मुताबिक कानपुर की टीम 13 रन पीछे रह गई और लखनऊ फाल्कन्स को विजेता घोषित कर दिया गया। इस हार के साथ ही ग्रीन पार्क में कानपुर का प्लेऑफ का सफर खत्म हो गया।
Source link
कानपुर सुपरस्टार्स UP T20 प्लेऑफ से बाहर हुई:बारिश के चलते लखनऊ ने DLS नियम से 13 रन से हराया