लखनऊ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:गैंग बनाकर अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप, कोर्ट से याचिका खारिज


लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहित यादव को पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे शनिवार शाम तिलई बाजार इलाके से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक मोहित यादव पर विकासनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 46/2025 में अपहरण, फिरौती, लोक व्यवस्था प्रभावित करने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। इस मामले में आरोप पत्र पहले ही न्यायालय भेजा जा चुका है और कोर्ट संज्ञान भी ले चुका है। अंतरराज्यीय गिरोह चलाता था जांच में सामने आया कि मोहित यादव अपने साथियों के साथ मिलकर एक सक्रिय अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह चला रहा था। गिरोह लोगों में भय और दहशत फैलाकर गवाही देने और मुकदमा दर्ज कराने से रोकता था। आरोपी आर्थिक लाभ के लिए अपहरण, फिरौती और अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देते थे। इस आधार पर विकासनगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने 17 मार्च 2026 को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना गाजीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी मोहित यादव (28) ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में याचिका दाखिल की थी। हालांकि 20 अप्रैल को हाईकोर्ट ने गैंगचार्ट और पूरी कार्रवाई को वैध मानते हुए याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने अपने आदेश में गैंगस्टर नियमावली-2022 की विस्तृत व्याख्या भी की थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *