संभल में बकरीद से पहले फ़ोर्स की फुट पेट्रोलिंग:सड़कों पर उतरे डीएम-एसपी, सार्वजनिक स्थानों पर नमाज-कुर्बानी नहीं होगी


संभल में बकरीद से पहले कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक (एसपी) किशन कुमार बिश्नोई ने अधिकारियों और पुलिस बल के साथ फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत भी की। जनपद में कुल 835 स्थानों पर नमाज़ अदा की जाएगी, जिनमें 728 मस्जिदें और 107 ईदगाह शामिल हैं। सोमवार शाम 6:30 बजे डीएम और एसपी चौधरी सराय पुलिस चौकी पहुंचे। उनके साथ सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह, सीओ कुलदीप कुमार, पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह और पांच थानों की पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। एसपी किशन कुमार बिश्नोई ने बताया कि सभी जगहों पर सुरक्षा ड्यूटी लगाई गई है ताकि नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से समय पर अदा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर नमाज़ नहीं पढ़ेगा। मोहल्ला स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं और उनके दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। लाउडस्पीकर के नियमों का विशेष रूप से पालन करने को कहा गया है। एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि कुर्बानी निर्धारित स्थलों पर ही की जाए और इसे सुरक्षित तरीके से संपन्न किया जाए। किसी भी सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी नहीं की जाएगी। नगर पालिका के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक वार्ड के सदस्यों को मलबा उठाने वाले कर्मचारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। एसपी ने लोगों से अपील की कि वे किसी दूसरे धर्म के बारे में अफवाहें न फैलाएं और न ही सोशल मीडिया या ट्विटर पर ऐसी बातें लिखें। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का प्रयास न करे। किसी भी समस्या की सूचना 112 पर या पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फुट पेट्रोलिंग चौधरी सराय से शुरू होकर शंकर इंटर कॉलेज चौराहा, अस्पताल चौराहा, स्टेट बैंक तिराहा, मैंथा बाजार, नखासा तिराहा, सर्राफा बाजार, अटल बाल उद्यान पार्क, घंटाघर, चमन सराय से होते हुए चंदौसी चौराहे पर समाप्त हुई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *