मथुरा DM की बनाई फेक फेसबुक आई डी:पौने दो साल के कार्यकाल में 5वीं बार निशाना, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद ठगों के हौसले बुलंद


मथुरा में साइबर अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ चुका है कि वे अब जिले के प्रशासनिक अधिकारी को भी निशाना बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर एक बार फिर फेक फेसबुक प्रोफाइल बना ली गई है। हैरानी की बात यह है कि उनके लगभग पौने दो साल के कार्यकाल के दौरान इस तरह फर्जी आईडी बनाए जाने का यह पांचवां मामला है। थाना सदर बाजार में पहले से मुकदमा दर्ज होने के बावजूद साइबर अपराधियों की बेखौफ गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भेजी जा रही फ्रेंड रिक्वेस्ट इस नए फर्जी फेसबुक अकाउंट से स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार ‘फ्रेंड रिक्वेस्ट’ भेजी जा रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि डीएम की तस्वीर और पद का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीता जा रहा है, ताकि बाद में इमर्जेंसी का बहाना बनाकर आर्थिक ठगी को अंजाम दिया जा सके। DM ने खुद दी जानकारी फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने की जानकारी खुद DM चंद्र प्रकाश सिंह ने साझा की। DM चंद्र प्रकाश सिंह का कहना है कि मेरे नाम से बनाई गई संबंधित फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है। असामाजिक तत्व मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ठगने का प्रयास कर सकते हैं। आम जनता और अधिकारी सतर्क रहें— किसी भी संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और न ही किसी के झांसे में आकर रुपये का लेन-देन करें। सोशल मीडिया पर किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के नाम से संदेश मिलने पर उसकी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि जरूर करें। बार बार बनाई जा रही फेक फेसबुक आई डी जिले के सर्वोच्च अधिकारी की पहचान का बार-बार दुरुपयोग होना मथुरा में साइबर अपराध की गंभीर स्थिति को उजागर करता है। जब जिलाधिकारी के नाम पर बार-बार फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को निशाना बनाने की कोशिश हो सकती है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। अब देखना यह होगा कि सदर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम इन दुस्साहसी ठगों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *