![]()
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साकेत में बुधवार को आयोजित मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। मेले में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थानों ने अभ्यर्थियों के इंटरव्यू लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की। हालांकि रोजगार के अवसर मिलने के बावजूद कई युवाओं ने वेतन को लेकर निराशा नज़र आई । मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि ज़्यादातर कंपनियां 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर भर्ती कर रही हैं, जो वर्तमान महंगाई के दौर में काफी नहीं है। एक अभ्यर्थी ने कहा कि रोजगार मेला अच्छी पहल है और यहां काफी संख्या में कंपनियां आई हैं, लेकिन वेतन बहुत कम है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि युवाओं की बेसिक सैलरी कम से कम 20 से 25 हजार रुपये होनी चाहिए ताकि वे अपने खर्च पूरे कर सकें। एक अन्य युवक ने कहा कि उसे सरकार की रोजगार योजना पसंद आई, लेकिन उपलब्ध नौकरियां उसकी योग्यता और क्षेत्र से मेल नहीं खातीं। युवक ने खुद को प्रमाणित सेल्फ डिफेंस इंस्ट्रक्टर बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए भी अवसर होने चाहिए जो प्रशिक्षण, खेल और सामाजिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में काम करते हैं। रोजगार मेले में पूरे मंडल से आए युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। अभ्यर्थियों ने रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर सैलरी और स्किल्स आधारित पदों की संख्या बढ़ाने की भी मांग उठाई।
Source link
रोजगार मेले में युवाओं ने उठाया कम सैलरी का मुद्दा:बोले- 15 हजार में नहीं चलता खर्च ,सरकार से वेतन बढ़ाने की मांग की